पोटापानी में लोनर हाथी की दहशत, आसपास के गांवों में अलर्ट जारी
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की खास रिपोर्ट
पाली। ग्राम पोटापानी के आश्रित मोहल्ला सोनाईपुर क्षेत्र में शनिवार से एक लोनर हाथी के विचरण से दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए अलगीडांड, पोटापानी, भंडारखोल, कपोट, घुईचुआ और हाथीबाड़ी सहित आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हाथी दिन के समय जंगल की ओर चला जाता है, जबकि शाम ढलते ही आबादी क्षेत्र के आसपास दिखाई दे रहा है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने गांवों में मुनादी कराकर लोगों को रात के समय घरों से बाहर न निकलने और खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दी है।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों से शाम के समय अलाव जलाकर समूह में रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में एक-दूसरे की मदद की जा सके। वन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हाथी को देखकर मोबाइल से सेल्फी या वीडियो बनाने का प्रयास न करें, क्योंकि हाथी के नजदीक जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
यदि हाथी कहीं भी दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी वन चौकी या वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथी की गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों से संयम और सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।

