टोल प्लाजा पर फिल्मी स्टाइल ड्रामा: आरक्षक को कुचलने की कोशिश, पीछा कर दबोची गई कार
दुर्ग। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने पुलिस आरक्षक को कुचलने की कोशिश कर दी। घटना के बाद पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में कार का पीछा किया और आखिरकार सिरसा गेट के पास वाहन को पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिले, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, यातायात विभाग की टीम कुम्हारी टोल प्लाजा के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार (एमएच 02 एवाई 3475) पर पुलिस की नजर पड़ी। कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रमेश चंद्राकर ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी और सीधे आरक्षक की ओर कार चढ़ाने का प्रयास किया। खुद को बचाने की कोशिश में आरक्षक सड़क पर गिर पड़े और उनके हाथ की उंगली में चोट आई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सिर के ऊपर से वाहन निकालने की भी कोशिश की, लेकिन आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी जान बचा ली।
घटना के तुरंत बाद चेकिंग में मौजूद पुलिस स्टाफ हरकत में आया और यातायात पुलिस वाहन से कार का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद सिरसा गेट के पास कार को रोक लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें दो युवक और दो युवतियां मौजूद मिले। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान नागपुर निवासी रमजान और जाकिर मोहम्मद के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं कार में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

