जिले के स्कूलों में होगा अधोसंरचना विकास का बड़ा विस्तार

0

 

जिले के स्कूलों में होगा अधोसंरचना विकास का बड़ा विस्तार

वीबीजी रामजी योजना के तहत बनेंगे करीब 200 बालिका शौचालय, किचन शेड और मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाएं



उत्तम साहू,धमतरी, 28 जुलाई 2026। जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीबीजी रामजी (विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण) योजना के तहत बड़े पैमाने पर अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत लगभग 200 बालिका शौचालय, किचन शेड, मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

जिला प्रशासन का मानना है कि इन निर्माण कार्यों से विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेष रूप से बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा और समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना, स्वच्छ परिसर, सुरक्षित वातावरण और खेल सुविधाएं भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने बताया कि विद्यालयों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। बालिका शौचालयों के निर्माण से छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की बेहतर पूर्ति होगी। वहीं किचन शेड बनने से मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में किया जा सकेगा। इसके अलावा मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता और टीम भावना को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि विद्यालय परिसरों के विकास, मरम्मत, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे स्कूल अधिक आकर्षक, उपयोगी और छात्र-अनुकूल बन सकें।

जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, प्रेरणादायक और संसाधनयुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। बेहतर अधोसंरचना से विद्यालयों में नामांकन और नियमित उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ ड्रॉपआउट दर में भी कमी आने की उम्मीद है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना के सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएंगे, ताकि धमतरी जिले के शासकीय विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के सशक्त केंद्र बन सकें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !