छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’, 10 श्रेणियों में मिलेगा सम्मान
होटल से होमस्टे, इको-टूरिज्म से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तक उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा पुरस्कार, प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार एवं मेमेंटो
उत्तम साहू
धमतरी, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। इस पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
योजना के तहत कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026 की विशेषता यह है कि इसमें पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित न रखते हुए इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को भी सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है। आतिथ्य, पर्यटन संचालन, जिला पर्यटन प्रबंधन, उद्यमिता, रिसॉर्ट सेवाएं, पर्यटक सहायता, होमस्टे, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार, CTB Star Performer-सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं।
सर्वश्रेष्ठ होटल और टूर ऑपरेटर के चयन में बेहतर सेवाएं, पर्यटन प्रचार, वित्तीय प्रदर्शन, रोजगार सृजन तथा नवाचार जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा। वहीं सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के तहत पर्यटन विकास, गंतव्य प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और स्थानीय रोजगार सृजन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा।
युवा उद्यमियों और नए विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता पुरस्कार भी रखा गया है। इसके माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में तकनीक, नई सेवाओं और अभिनव व्यावसायिक मॉडलों के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई दिशा देने वाले उद्यमियों को मंच मिलेगा।
होमस्टे के माध्यम से स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी सम्मानित किया जाएगा।
डिजिटल युग में छत्तीसगढ़ पर्यटन की ब्रांडिंग करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी रखी गई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों का प्रचार करने वाले लोगों को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली इको-टूरिज्म परियोजनाओं को भी पुरस्कार दिया जाएगा। जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे पहलुओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में कैंपिंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने वाले संचालकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े पात्र हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, सतत पर्यटन, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, ग्रामीण और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

