कोपेडीह में अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
तीन प्रकरणों में 210 लीटर महुआ शराब जब्त, कुल कीमत 21 हजार रुपये
उत्तम साहू,धमतरी, 26 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल के मार्गदर्शन में भखारा पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कोपेडीह में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर तीन अलग-अलग प्रकरणों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
तीन प्रकरणों में हुई कार्रवाई
भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 104/2026 में आरोपी गोवर्धन चंदेल पिता उत्तम चंदेल (40 वर्ष), निवासी कोपेडीह के कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।
अपराध क्रमांक 105/2026 में आरोपी अशोक माथुर (54 वर्ष), संदीप कुमार माथुर (29 वर्ष) एवं सुनील कुमार माथुर (35 वर्ष), सभी निवासी ग्राम कोपेडीह के कब्जे से हाथ भट्टी से निर्मित 110 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपये है।
वहीं अपराध क्रमांक 106/2026 में आरोपी राम कुमार माथुर (20 वर्ष), निवासी कोपेडीह के कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये है।
इस तरह तीनों मामलों में कुल पांच आरोपियों से 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

