राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर चिरायु टीम ने बच्चों को खिलाई एलबेंडाजोल की दवा
बासीन और अर्जुनी के शासकीय प्राथमिक स्कूलों में चला अभियान, स्वच्छता के प्रति भी किया जागरूक
उत्तम साहू
नगरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की चिरायु टीम (अ नगरी) द्वारा विकासखंड नगरी के शासकीय प्राथमिक शाला बासीन एवं अर्जुनी में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवा एलबेंडाजोल खिलाई गई।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके पोषण स्तर में सुधार करना तथा एनीमिया (खून की कमी) जैसी समस्याओं की रोकथाम करना है। इस दौरान चिरायु टीम के सदस्यों ने बच्चों को एलबेंडाजोल की निर्धारित खुराक अपनी देखरेख में खिलाई।
दवा सेवन के साथ बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने, साफ-सफाई रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया। टीम ने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
अभियान के दौरान चिरायु टीम के डॉ. अखिल चंद्राकर, डॉ. शमा खान, दीपेश कुमार साहू, पूनम कुंजाम एवं आभा साक्षी उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से बच्चों को दवा का सेवन कराया गया तथा कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।


