समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश: अधिकारी करें विभागीय कार्यों का नियमित निरीक्षण

0

 

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश: अधिकारी करें विभागीय कार्यों का नियमित निरीक्षण

लोन प्रकरणों के निराकरण, एग्रीस्टैक पंजीयन, सड़कों की मरम्मत और राशन दुकानों के निरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने विभागों से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण कर योजनाओं और कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

स्कूलों के नियमित निरीक्षण और लोन प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर



कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्राचार्यों की बैठक आयोजित करने तथा जिले के सभी स्कूलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उद्योग विभाग को लंबित लोन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और राइस मिलरों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने एलडीएम को भी अधिक से अधिक लोगों को बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोन मेला आयोजित करने के निर्देश दिए।

एग्रीस्टैक के शेष पंजीयन जल्द पूरे करने शिविर लगाने के निर्देश

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के लिए जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने शेष किसानों का पंजीयन जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कृषि विभाग को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सब्जी मंडी के शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने कहा। मछलीपालन विभाग को मत्स्य हितग्राहियों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने तथा नर्सरी क्षेत्र का विस्तार करने के निर्देश दिए गए।

पीएम सूर्यघर योजना से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों को पीएम सूर्यघर योजना से जोड़ने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना के तहत सोलर कनेक्शन लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के कार्यों के संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को सीईओ जिला पंचायत से चर्चा के उपरांत ही प्रस्ताव एवं प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सड़कों के गड्ढे भरने और राशन दुकानों के निरीक्षण पर फोकस

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को जिले की सड़कों में बने गड्ढों की शीघ्र भराई कर आवागमन को सुचारू और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने खाद्य अधिकारी को खाद्य निरीक्षकों के माध्यम से उचित मूल्य दुकानों एवं सोसायटियों का नियमित निरीक्षण कराने कहा।

इसके साथ ही भेण्डरी में धान संग्रहण केंद्र के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य जांच, डायलिसिस सेंटर और लंबित प्रकरणों की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विकासखंडों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धमतरी के डायलिसिस सेंटर का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

कुरूद में खेलकूद से संबंधित लंबित कार्यों तथा हाउसिंग बोर्ड के तहत निर्माणाधीन भवनों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में पेंशन, चिकित्सा एवं अन्य विषयों से संबंधित प्राप्त प्रकरणों का संबंधित विभागों द्वारा गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा अधिकारी नियमित निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !