नशे का सामान बेचने की शिकायत पर अर्जुनी पुलिस की सख्त कार्रवाई
ग्रामीणों से विवाद कर शांति भंग करने वाले युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार
उत्तम साहू,धमतरी, 12 अगस्त 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम परसुली में नशे का सामान बेचने की शिकायत तथा ग्रामीणों से विवाद कर शांति भंग करने की स्थिति निर्मित करने वाले 22 वर्षीय युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम परसुली निवासी करण कुमार डहरिया (22 वर्ष) के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा गांव में नशे का सामान बेचने की लगातार शिकायत की जा रही थी। ग्रामीणों द्वारा उसे समझाने का प्रयास करने पर वह विवाद करने लगा। शिकायत मिलने पर अर्जुनी पुलिस 12 अगस्त को ग्राम परसुली पहुंची और शिकायतकर्ताओं एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर रही थी।
इसी दौरान शिकायतकर्ताओं को देखकर करण कुमार डहरिया उत्तेजित हो गया और शिकायतकर्ता तोमेश्वर निषाद एवं धनवा राम महिलांगे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। पुलिस एवं ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार उग्र व्यवहार करता रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर शांति भंग होने तथा संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देने के साथ ही धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर तत्काल कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। हालांकि, नशे का सामान बेचने संबंधी लगातार मिल रही शिकायतों और मौके पर उसके द्वारा उत्पन्न की गई अशांति को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

