धमतरी में एटीआर मॉड्यूल का प्रशिक्षण सम्पन्न, पंचायतों में ऑनलाइन रिपोर्टिंग होगी अधिक पारदर्शी
राज्य संपरीक्षा कार्यालय की टीम ने दिया तकनीकी प्रशिक्षण, समयबद्ध प्रतिवेदन और जवाबदेही पर विशेष जोर
उत्तम साहू,धमतरी। पंचायतों में विकास कार्यों की निगरानी, ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रणाली को मजबूत बनाने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल विषयक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर की छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने जिले की धमतरी, नगरी, कुरूद और मगरलोड जनपद पंचायतों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मॉड्यूल के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
राज्य संपरीक्षा कार्यालय के सहायक संचालक कदम सिंह सिदार के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में सतीश चौधरी, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू, ज्येष्ठ संपरीक्षक प्रियंका मरावी तथा सहायक संपरीक्षक फैजान अहमद ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन एटीआर तैयार करने, निर्धारित समय-सीमा में जानकारी दर्ज करने, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण तथा डेटा की शुद्धता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि एटीआर मॉड्यूल के प्रभावी उपयोग से पंचायत स्तर पर संपरीक्षा संबंधी आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और समयबद्ध होगी। इससे विकास कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, योजनाओं की प्रगति की सतत समीक्षा, वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उच्च स्तर पर निर्णय लेने और अनुपालन की प्रक्रिया भी तेज एवं प्रभावी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मॉड्यूल का हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान बताए और नियमित रूप से मॉड्यूल के उपयोग पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर पंचायत प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और परिणाममुखी बनाने का आह्वान किया गया।

