तहसीलदार चुम्मन लाल ध्रुव को भावभीनी विदाई, शिवम सिन्हा का किया स्वागत
नगरी। तहसीलदार चुम्मन लाल ध्रुव का स्थानांतरण मगरलोड तहसीलदार के पद पर होने पर मंगलवार को एसडीएम कार्यालय नगरी में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रीति दुर्गम सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और पटवारियों ने श्री ध्रुव का सम्मान करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में एसडीएम प्रीति दुर्गम ने तहसीलदार चुम्मन लाल ध्रुव के नगरी में कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री ध्रुव ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण, प्रशासनिक कार्यों और आमजन से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य किया। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ उनका समन्वय भी बेहतर रहा। उन्होंने उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मगरलोड में भी वे अपने अनुभव और कार्यशैली से विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान नगरी के वर्तमान तहसीलदार शिवम सिन्हा का स्वागत भी किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में तहसीलदार चुम्मन लाल ध्रुव ने अपने संबोधन में नगरी में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और स्नेह के लिए एसडीएम सहित राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पटवारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और आत्मीयता की यादें हमेशा साथ रहती हैं।
समारोह में अनुविभाग के राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पटवारी उपस्थित रहे।



