छात्रावासों की समस्याएं विधानसभा में उठाएंगी विधायक अंबिका मरकाम

0

 

छात्रावासों की समस्याएं विधानसभा में उठाएंगी विधायक अंबिका मरकाम

नगरी के कन्या एवं बालक छात्रावास का किया औचक निरीक्षण,छात्र-छात्राओं से रूबरू होकर जानी सुविधाओं की हकीकत

उत्तम साहू 

नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने नगरी स्थित कन्या एवं बालक छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए छात्रावास की दैनिक व्यवस्था, पढ़ाई, भोजन, बिजली, खेल सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

छात्र-छात्राओं ने विधायक को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। बच्चों ने बिजली व्यवस्था में आ रही परेशानियों के साथ खेल सामग्री की आवश्यकता बताई। वहीं कन्या छात्रावास की छात्राओं ने टेलीविजन उपलब्ध कराने की मांग रखी। निरीक्षण के दौरान बेड की कमी, खिड़कियों में पर्दे नहीं होने सहित अन्य आवश्यकताओं की जानकारी भी सामने आई।



विधायक अंबिका मरकाम ने छात्रावास भवन और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।


अधीक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठेगा


विधायक ने छात्रावासों में अधीक्षकों की कमी का मुद्दा भी संज्ञान में लिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में अधीक्षक नहीं होने के कारण कई छात्रावासों का अतिरिक्त प्रभार एक ही व्यक्ति को संभालना पड़ रहा है। इससे छात्रावासों की नियमित निगरानी और संचालन प्रभावित होने की संभावना रहती है। उन्होंने शासन स्तर पर पर्याप्त संख्या में अधीक्षकों की व्यवस्था की आवश्यकता बताई।


भोजन की गुणवत्ता और मेनू की राशि पर भी जताई चिंता


निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं के भोजन और निर्धारित मेनू के संबंध में भी विधायक ने जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आकर छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के लिए पौष्टिक और पर्याप्त भोजन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के लिए मिलने वाली राशि वर्तमान आवश्यकताओं की तुलना में कम है। इस विषय को भी विधानसभा में उठाकर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

विधायक ने कहा कि छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए बिजली, बिस्तर, पर्दे, खेल सामग्री, मनोरंजन और अध्ययन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।



उन्होंने छात्रावास संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं अधीक्षकों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, भोजन, साफ-सफाई, अनुशासन और नियमित देखरेख को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

विधायक मरकाम ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले अधिकांश बच्चे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं। उनके बेहतर भविष्य के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का सही क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं के निराकरण के साथ आवश्यक मुद्दों को विधानसभा के माध्यम से शासन के समक्ष भी रखा जाएगा।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव मयंक ध्रुव, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष बेलरगांव अयूब खान, मीडिया प्रभारी महेंद्र पाण्डेय, युवा नेता रवि नेताम सहित छात्रावासों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !