कुरुद में पुरानी रंजिश पर चाकूबाजी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मारपीट में चाकू और स्टील के कड़े का इस्तेमाल, आरोपी डिलेश्वर यादव को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
धमतरी, 4 नवंबर 2026। जिले में गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुरुद पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और चाकूबाजी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बंटची चाकू और स्टील का कड़ा भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मरौद निवासी देवाशीष माहिलकर (23 वर्ष) ने थाना कुरुद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे हाई स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव और पप्पू मंडावी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर हाथ-मुक्के, बेल्ट के बक्कल और स्टील के कड़े से उसके चेहरे व सिर पर हमला कर चोट पहुंचाई। इस दौरान डिलेश्वर यादव ने बंटची चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया।
प्रार्थी के मेडिकल परीक्षण में धारदार हथियार से चोट की पुष्टि होने पर मामले में धारा 118(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर कुरुद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ग्राम मरौद में दबिश देकर मुख्य आरोपी डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव (21 वर्ष), पिता हेमंत यादव, निवासी मरौद को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और स्टील का कड़ा जब्त किया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 366/26 के तहत धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक तत्वों, गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

