शराब भट्ठी रोड पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार
धमतरी पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा
धमतरी, 04 नवंबर 2026। शहर में गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर असामाजिक तत्वों, चाकूबाजों और गुंडे-बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग पर निकली थी। इतवारी बाजार के पास मुखबिर से सूचना मिली कि मैला गड्ढा, महिमासागर वार्ड शराब भट्ठी रोड पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार तलवार लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। इससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलवार लहराते आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हेमंत सिंह राजपूत उर्फ बिट्टू (32 वर्ष), पिता सातम सिंह राजपूत, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त की। तलवार रखने और लहराने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

