मगरलोड..आकाशीय बिजली का कहर: 40 भेड़-बकरियों की मौत, पशुधन विभाग ने किया मौके का निरीक्षण
उत्तम साहू,धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम डुमरपाली में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों की मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पशुधन विकास विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार 17 जून की रात्रि हुई तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से करीब 40 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। बताया गया कि ये पशु अन्य राज्यों से आए घुमंतू चरवाहों के थे, जो क्षेत्र में अपने पशुओं के साथ डेरा डाले हुए थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गिरने के बाद मृत पशुओं को संबंधित चरवाहों द्वारा गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था और इसके बाद वे अन्य स्थान के लिए रवाना हो गए।
विभागीय टीम ने मृत पशुओं को दफनाए गए स्थल का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वर्तमान में क्षेत्र में किसी प्रकार के संक्रमण या पशुजनित बीमारी फैलने जैसी स्थिति नहीं है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से हुई इस घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों का संकलन किया जा रहा है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि पशुपालकों और ग्रामीणों के पशुधन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्राकृतिक आपदा के इस दर्दनाक घटनाक्रम ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन पर मौसम की मार की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

