राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में लोककला और संगीत का जलवा, देर रात तक झूमते रहे दर्शक
स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों से लेकर मस्त कलंदर बैंड तक ने बांधा समां, महापौर रामू रोहरा ने कलाकारों का किया सम्मान
वर्ष 2027 के अंत तक विकसित धमतरी का नया स्वरूप सामने लाने का संकल्प, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल अधोसंरचना के विकास को मिलेगी गति
उत्तम साहू,धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 की सांस्कृतिक संध्या लोककला, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों के नाम रही। स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से लेकर मस्त कलंदर बैंड की संगीत संध्या तक कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं की अनुपम छटा देखने को मिली।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी और आदिवासी वेशभूषा में सजे बच्चों ने लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। पंखुड़ी के कथक नृत्य और अरु नेताम की भावपूर्ण भरतनाट्यम प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राथमिक शाला के नन्हे बच्चों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे आधुनिक विषय पर प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं दिव्यांग बालिका की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।
नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने देर रात तक कार्यक्रम में उपस्थित रहकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
2027 के अंत तक विकसित धमतरी का स्वरूप लाने का लक्ष्य
महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि धमतरी को सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार विकास कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विकसित छत्तीसगढ़-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित धमतरी की परिकल्पना भी साकार की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन से वर्ष 2027 के अंत तक शहर का नया और विकसित स्वरूप सामने आएगा।
महापौर ने कहा कि पिछले वर्ष धमतरी को विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि छत्रपति शिवाजी चौक से आमदी तक फोरलेन सड़क, रुद्री-अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन मार्ग तथा सिहावा चौक से मोहना तक फोरलेन सड़क सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। ऑडिटोरियम, स्टेडियम, बस स्टैंड और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं के निर्माण की दिशा में भी कार्यवाही आगे बढ़ चुकी है। इन परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
महापौर ने कहा कि धमतरी के विकास में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जा रही है। नए महाविद्यालय, महाविद्यालय भवन, पॉलीटेक्निक कॉलेज और अस्पताल भवन जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। गोकुलपुर से पूर्व दिशा की सड़क तथा संबलपुर से कोलियारी मार्ग जैसी महत्वपूर्ण मांगों को भी क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल सड़क और भवन निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार और आवागमन को गति मिलेगी, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं एवं स्थानीय प्रतिभाओं को नए अवसर मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में जिले की विकास यात्रा और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला। रंगारंग प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।

