नपा अध्यक्ष–उपाध्यक्ष की सक्रियता से बदली मुक्तिधाम की तस्वीर, जनभावनाओं को मिला सम्मान
नगरी से विशेष रिपोर्ट
नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 स्थित मुक्तिधाम, जो लंबे समय से जर्जर और उपेक्षा का शिकार था, अब एक नए और व्यवस्थित स्वरूप में नजर आ रहा है। इस बदलाव के पीछे नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा और उपाध्यक्ष विकास बोहरा की सक्रियता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अहम भूमिका में रही।
वार्ड के पार्षद हरीश साहू, यश करण पटेल और शंकर देव द्वारा मुक्तिधाम की खराब स्थिति से अवगत कराए जाने पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लिया। दोनों जनप्रतिनिधि स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण कर बिना विलंब आवश्यक कार्यों को स्वीकृति दिलाई। इसके बाद सीएमओ यशवंत वर्मा और इंजीनियर परमेश कुमार ध्रुव को निर्देशित कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
मुक्तिधाम परिसर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सीसी रोड का निर्माण किया गया है। साथ ही, आंधी-तूफान और आगजनी से क्षतिग्रस्त पुराने टीन शेड को हटाकर नए टीन शेड लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बने चबूतरे की मरम्मत कर उसे रंग-रोगन के साथ आकर्षक रूप दिया गया है।
यह मुक्तिधाम वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 के निवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां वे अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान के विकास को प्राथमिकता देते हुए कम समय में कार्य पूरा किया जाना प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों ने बदले हुए स्वरूप पर संतोष व्यक्त करते हुए नगर पंचायत की कार्यशैली की सराहना की है। अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जनभावनाओं और आस्था का सम्मान है।

