शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: नगरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर,न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
उत्तम साहू
धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में महिला संबंधी एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने की घटना उजागर हुई है। मामले में नगरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की लिखित शिकायत पर थाना नगरी में अपराध क्रमांक 29/26 के तहत धारा 64(2)(एम) और 351(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पूनम प्रजापति, निवासी बिरगुड़ी थाना सिहावा जिला धमतरी, ने पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता द्वारा विवाह के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने स्वयं को पहले से शादीशुदा बताते हुए विवाह से इंकार कर दिया और उसे फोन न करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित व कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


