मृदा एवं जल संरक्षण अभियांत्रिकी विषय में पीएचडी प्राप्त कर डॉ. गुंजा ध्रुव ने बढ़ाया क्षेत्र और समाज का मान
उत्तम साहू
नगरी/सिहावा। कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर क्षेत्र की प्रतिभाशाली महिला डॉ. गुंजा ध्रुव ने “मृदा एवं जल संरक्षण अभियांत्रिकी” विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर अपने परिवार, समाज एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, युवाओं एवं शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है। डॉ. गुंजा ध्रुव जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव की धर्मपत्नी हैं।
डॉ. गुंजा ध्रुव की इस सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जनजातीय समाज और क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने वर्षों की मेहनत, अध्ययन और शोध के बाद “मृदा एवं जल संरक्षण अभियांत्रिकी” जैसे महत्वपूर्ण विषय पर शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि हासिल की है। यह विषय कृषि, पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और डॉ. गुंजा ध्रुव की यह उपलब्धि विशेष रूप से ग्रामीण एवं जनजातीय समाज की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. गुंजा ध्रुव ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों की भी है। उन्होंने बताया कि शोध कार्य के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन से उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।
उन्होंने कहा, “शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। मैंने हमेशा यह प्रयास किया कि अपने अध्ययन और शोध के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी कार्य कर सकूं। मैं चाहती हूं कि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की बेटियां भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे आएं और अपने सपनों को पूरा करें। कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।”
जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव ने पत्नी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार एवं क्षेत्र के लिए गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुंजा ध्रुव ने अपने अथक परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा, “आज शिक्षा के माध्यम से समाज में नई जागरूकता आ रही है। डॉ. गुंजा ध्रुव की यह सफलता विशेष रूप से हमारी बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। हमें विश्वास है कि वे आगे भी अपने ज्ञान और कार्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की सेवा करती रहेंगी।”
डॉ. गुंजा ध्रुव को पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

.jpg)