कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट: 3 DRG जवान शहीद, एक गंभीर घायल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक IED ब्लास्ट में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 3 जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, फोर्स कोरोसकोडा के जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाई गई आईईडी को डिफ्यूज करने के प्रयास में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जवान परमानंद कोमरा को तत्काल रेस्क्यू कर बेहतर इलाज के लिए कांकेर भेजा गया है।
यह घटना कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

