थाने के भीतर ACB का छापा, 15 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रिश्वत की शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि बेमेतरा पुलिस विभाग में ACB की यह पहली बड़ी कार्रवाई है। एजेंसी अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
उल्लेखनीय है कि साजा विधानसभा क्षेत्र में यह ACB की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक पटवारी को भी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में सतर्कता बढ़ गई है।

