दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिला प्रशासन की पहल, नगरी में सहायक उपकरण शिविर आयोजित

0

 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिला प्रशासन की पहल, नगरी में सहायक उपकरण शिविर आयोजित

60 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन और मापन, निःशुल्क उपकरण वितरण की तैयारी

                             उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी, 24 जून 2026। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन धमतरी ने महत्वपूर्ण पहल की है। समाज कल्याण विभाग एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), भारत सरकार के सहयोग से नगरी में निःशुल्क सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन किया गया।



शिविर में कुल 163 हितग्राही उपस्थित हुए, जिनमें से पात्र पाए गए 60 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन एवं मापन किया गया। इसके अलावा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा 6 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की उपस्थिति में समग्र शिक्षा विभाग द्वारा चार श्रवण बाधित हितग्राहियों को श्रवण यंत्र तथा दो दृष्टिबाधित हितग्राहियों को श्वेत छड़ी वितरित की गई। शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षदगण, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति भारत अभियान की शपथ दिलाई और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

उप संचालक समाज कल्याण डॉ. मनीषा पांडेय ने बताया कि 25 जून को धमतरी में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक और निःशुल्क सहायक उपकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।



उन्होंने बताया कि जिन लोगों को चलने-फिरने, सुनने, देखने अथवा दैनिक जीवन की गतिविधियों में कठिनाई होती है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आगामी शिविरों में उपस्थित होकर निःशुल्क सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन करा सकते हैं। विभाग का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक आवश्यक सहायता पहुंचाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !