ग्राम पंचायत सांकरा में हुई विशेष ग्राम सभा, 715 प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों का अनुमोदन

0


ग्राम पंचायत सांकरा में हुई विशेष ग्राम सभा, 715 प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों का अनुमोदन

एकलव्य विद्यालय के लिए 11.52 हेक्टेयर भूमि आबंटन का प्रस्ताव पारित, पंचायत राजस्व बढ़ाने पर भी बनी सहमति



उत्तम साहू 

नगरी,सांकरा। ग्राम पंचायत सांकरा में बुधवार को विशेष ग्राम सभा की महत्वपूर्ण बैठक ग्राम सभा अध्यक्ष श्रीमती सती मरकाम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पंचगण एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ग्राम पंचायत के विकास, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक का प्रमुख एजेंडा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 2.00 आवास प्लस सर्वे की प्रतीक्षा सूची में शामिल 715 पात्र हितग्राहियों के अनुमोदन से संबंधित रहा। ग्राम सभा में पात्रता के आधार पर सभी हितग्राहियों के नामों पर चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। इससे क्षेत्र के आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



ग्राम सभा में क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण हेतु शासकीय भूमि आबंटन का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके तहत खसरा क्रमांक 3034 की 11.52 हेक्टेयर भूमि विद्यालय निर्माण के लिए चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया के अनुरूप आबंटन की स्वीकृति प्रदान की गई। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया।

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत सचिव ने VB-GRAM-G डिजिटल प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य, उपयोगिता एवं लाभों से ग्रामवासियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली से पंचायत कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और सेवाएं अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।

ग्राम पंचायत की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने एवं राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से अनिवार्य एवं वैकल्पिक करों के निर्धारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। ग्राम सभा ने उद्योगों, पेट्रोल पंपों एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों से प्राप्त होने वाले कर एवं अनुज्ञा शुल्क के निर्धारण के साथ-साथ मानस भवन एवं कॉम्प्लेक्स के किराया निर्धारण और वसूली संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की। इन निर्णयों से पंचायत को अतिरिक्त संसाधन प्राप्त होंगे, जिनका उपयोग विकास कार्यों में किया जाएगा।

विशेष ग्राम सभा में कुल 827 ग्रामीणों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिनमें 499 महिलाएं शामिल रहीं। यह सहभागिता ग्राम पंचायत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनभागीदारी के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता को दर्शाती है।

बैठक के अंत में सभी प्रस्तावों के सर्वसम्मति से पारित होने पर ग्राम पंचायत के समग्र विकास को गति देने का संकल्प लिया गया। आभार प्रदर्शन सरपंच नागेंद्र कुमार बोरझा ने किया।

इस अवसर पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष गिरवर भंडारी, जनमेजय साहू, पवन साहू, पूर्व सरपंच शशी ध्रुव, उपसरपंच हरिश साहू, मोहनी तारक, हेमलता साहू, लव कुमार साहू, अमेश मरकाम, संगीता भंडारी, हिरमिसी कश्यप, जनक साहू, मुगेश ध्रुव, नंदकुमार, राधा साहू, कविता साहू, मनोज पटेल, शांडिल्य सहित ग्राम सभा के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !