भारतीय सेना में अग्निवीर बने त्रिलोक साहू, ग्राम डोंगरडुला में हुआ भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह
गांव के होनहार युवा की सफलता पर गौरवान्वित हुए ग्रामीण, राष्ट्र सेवा के लिए दी शुभकामनाएं
उत्तम साहू,नगरी। ग्राम डोंगरडुला के होनहार युवा त्रिलोक साहू के भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होने पर बुधवार को गांव में भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने त्रिलोक साहू का फूल-मालाओं और सम्मान पत्रों के साथ अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल सैन्य जीवन की कामना की।
त्रिलोक साहू, पिता भीम साहू, ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय सेना में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से ग्राम डोंगरडुला सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना में चयन होना किसी भी युवा के लिए गौरव की बात है। त्रिलोक की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में देश सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को नई प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।
तहसील साहू समाज के वरिष्ठ सदस्य पेमन साहू ने कहा कि त्रिलोक साहू की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर परिवार की ओर से दादा मोहित राम साहू, दादी रुखमणी साहू, पिता भीम साहू, माता पुष्पा साहू, नानी अनुसुईया साहू, मामा हेमा साहू, भाई मोनू साहू एवं बहन सालू साहू सहित समस्त परिवारजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य पुष्पा देवी मंडावी, सरपंच स्मृति नेताम, सरपंच रूपेंद्र मरकाम, ग्राम व्यवस्था समिति अध्यक्ष जीवन बढ़ल, ग्राम पटेल रघुराम यादव, पूर्व सरपंच संतोष चौहान, राजू कावड़े, पंचायत सचिव जोहन मरकाम, थानूराम, रोजगार सहायक कपिल प्रजापति, अनिल कुमार गुप्ता, पुसाऊ राम, झाड़ूराम, दीपक शर्मा, गिरजाशंकर सोम, उत्तम, लोमेश देवदास, पेमत साहू, नरेंद्र साहू, रामदयाल साहू, अराज साहू, राजेंद्र प्रसाद साहू, पुराणिक नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने त्रिलोक साहू को फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र सेवा के इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उत्साहपूर्वक विदाई दी। पूरे आयोजन में देशभक्ति, गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




