सरपंच को गधे पर बैठाकर गांव में घुमाया, फिर हुई झमाझम बारिश! अंधविश्वास का अजीबोगरीब मामला
उज्जैन। मानसून की बेरुखी से परेशान ग्रामीणों ने बारिश के लिए ऐसा टोटका किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। जिले के खाचरौद तहसील क्षेत्र के ग्राम सुंडावदा में ग्रामीणों ने गांव के पटेल को गधे पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया। ग्रामीणों का मानना था कि इस पारंपरिक टोटके के बाद इंद्रदेव प्रसन्न होंगे और बारिश होगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण लोग परेशान थे। आसमान में बादल तो रोज दिखाई दे रहे थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। ऐसे में ग्रामीणों ने मिलकर गांव के पटेल को गधे पर बैठाया और पूरे गांव में घुमाया। इसके बाद श्मशान घाट ले जाकर पूजा-पाठ किया गया।
बताया गया कि पूजा-अर्चना के बाद शाम होते-होते अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही ग्रामीणों ने इसे गधे वाले टोटके का असर मान लिया और खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के लिए किए गए इस टोटके के बाद आखिरकार इंद्रदेव प्रसन्न हुए और गांव में बारिश हुई।
हालांकि, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश प्राकृतिक मौसमी परिस्थितियों का परिणाम होती है। बावजूद इसके ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। जुलाई का आधा महीना बीतने के बाद भी कई इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान और आम लोग चिंतित हैं। अब लोग बारिश के लिए तरह-तरह के पारंपरिक टोटके करते नजर आ रहे हैं।
अंधविश्वास और आस्था के बीच यह अनोखा मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

