एसपी भावना पांडेय ने मगरलोड थाना और करेली बड़ी चौकी का किया सघन निरीक्षण

0

 

एसपी भावना पांडेय ने मगरलोड थाना और करेली बड़ी चौकी का किया सघन निरीक्षण

बेसिक पुलिसिंग, विजुअल पुलिसिंग और तकनीकी दक्षता पर जोर; अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए जवाबदेही और सक्रिय पुलिसिंग के निर्देश



उत्तम साहू 

धमतरी, 18 जुलाई 2026। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत, अनुशासित एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) लगातार थाना और चौकी स्तर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी का सघन निरीक्षण कर पुलिसिंग की गुणवत्ता, आधारभूत व्यवस्थाओं और तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना एवं चौकी परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, बैरक, आगंतुक कक्ष, शस्त्रागार सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीसीटीएनएस और डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर जोर



पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं चौकी में संचालित सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems), कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट नेटवर्क एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीसीटीएनएस में समयबद्ध और त्रुटिरहित डाटा प्रविष्टि, अभिलेखों के नियमित अपडेट तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता और डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग बेहद आवश्यक है।

हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, गश्त और वारंटियों की धरपकड़ पर जोर

निरीक्षण के दौरान एसपी भावना पांडेय ने बेसिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई हो, नियमित गश्त को प्रभावी बनाया जाए और बीट प्रणाली को सक्रिय रखा जाए।

उन्होंने फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़, अपराधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।

बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में दिखे पुलिस की प्रभावी मौजूदगी

एसपी ने विजुअल पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित और प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत होता है और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहता है।

शासकीय आवासों का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना मगरलोड एवं चौकी करेली बड़ी के पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के शासकीय आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों की साफ-सफाई, रखरखाव, मूलभूत सुविधाओं एवं परिसर की स्वच्छता का जायजा लेते हुए नियमित देखरेख के निर्देश दिए।

इसके अलावा एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन, संवेदनशील व्यवहार, जनसुनवाई में तत्परता, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत व्यवस्थाएं, तकनीकी दक्षता, बेसिक पुलिसिंग, विजुअल पुलिसिंग और अनुशासित कार्यप्रणाली ही प्रभावी एवं भरोसेमंद पुलिसिंग की पहचान है।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक श्री प्रमोद अमलतास, चौकी प्रभारी करेली बड़ी सउनि. राधेश्याम बंजारे सहित थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !