छत्तीसगढ़: अब घर बैठे ऑनलाइन होगा ज़मीन डायवर्शन, 15 दिनों में नहीं हुआ फैसला तो सिस्टम खुद देगा 'ऑटो-अप्रूवल'
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भू-राजस्व व्यवस्था को और अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में राजस्व विभाग एक बड़ा क्रांतिकारी कदम उठाने जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में अब जमीन डायवर्शन (व्यपवर्तन) की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
इसके लिए विभाग ने नया पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार कर लिया है, जिससे जमीन मालिक अब घर बैठे ही डायवर्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। नए सिस्टम की सबसे बड़ी विशेषता ‘ऑटो-अप्रूवल’ (स्वत: स्वीकृति) का प्रावधान है।
प्रक्रिया और समय-सीमा:
सीधा आवेदन: ऑनलाइन आवेदन सीधे संबंधित जिले के एसडीएम (SDM) के लॉगिन पर पहुँचेगा।
समय-सीमा: एसडीएम को दस्तावेजों की जांच कर 15 दिनों के भीतर आदेश जारी करना अनिवार्य होगा।
ऑटो-अप्रूवल: यदि निर्धारित समय सीमा में आदेश जारी नहीं होता है, तो 16वें दिन सिस्टम स्वयं स्वीकृति आदेश जारी कर देगा, जिसे कानूनी रूप से पूर्णतः वैध माना जाएगा।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में लंबित प्रकरणों की संख्या को कम करना, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना और आम जनता को दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत देना है।

