शादी का दबाव बनाया तो, ब्याव फ्रेंड कर दिया गर्लफ्रेंड की हत्या
दो महीने बाद खेत में मिले कंकाल ने खोली खौफनाक साजिश की परतें
कांकेर। प्यार, भरोसा और साथ जीने के वादों के बीच रची गई एक खौफनाक साजिश ने 22 वर्षीय युवती की जिंदगी छीन ली। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सामने आया यह मामला न सिर्फ दिल दहला देने वाला है, बल्कि यह भी बताता है कि जब रिश्तों में ईमानदारी खत्म हो जाए, तो अंजाम कितना भयावह हो सकता है।
पखांजूर थाना क्षेत्र के बड़े कापसी गांव में सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
22 जनवरी 2026 को गांव के एक खेत में मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। कपड़ों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कंकाल की पहचान संगीता उसेंडी (22 वर्ष) के रूप में हुई, जो इसी गांव की रहने वाली थी और पिछले दो महीनों से लापता थी।
प्यार से हत्या तक की कहानी
जांच में सामने आया कि संगीता का पिछले 2-3 वर्षों से दिनेश दुग्गा (21) के साथ प्रेम संबंध था। दिनेश कॉलेज का फाइनल ईयर का छात्र था। समय के साथ संगीता उस पर शादी का दबाव बनाने लगी, लेकिन दिनेश इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता था।
यहीं से रिश्ते में दरार आई और वही दरार संगीता की मौत की वजह बन गई।
दोस्तों संग रची साजिश
शादी से बचने के लिए दिनेश ने रिश्ते को खत्म करने के बजाय, जिंदगी ही खत्म करने की योजना बना डाली। उसने अपने दोस्त समनदीप पन्ना (20) और एक नाबालिग को इस खौफनाक साजिश में शामिल किया।
16 नवंबर 2025 को दिनेश ने संगीता को मिलने के बहाने घर से बाहर बुलाया और खेत की ओर ले गया, जहां पहले से दोनों आरोपी मौजूद थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि दिनेश ने संगीता का पैर पकड़ लिया,दूसरे आरोपी ने उसका मुंह दबाया,नाबालिग ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी
हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया और पहचान मिटाने के लिए संगीता का मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
सीडीआर ने खोली पोल
परिजनों से पूछताछ और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में आखिरी बार संगीता के संपर्क में रहने वाला व्यक्ति दिनेश ही निकला।
25 जनवरी 2026 को पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद टूट गया और पूरी साजिश कबूल कर ली।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने समनदीप और नाबालिग आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं और कोई सबूत तो नहीं छिपाया गया।
समाज के लिए चेतावनी
यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि जब रिश्तों में संवाद की जगह स्वार्थ ले लेता है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है।
प्यार में दिया गया धोखा कभी-कभी सिर्फ दिल नहीं, जिंदगी भी तोड़ देता है।

