सिंगपुर के पास रास्ता रोककर मारपीट और 43,800 रुपये की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

0

 

सिंगपुर के पास रास्ता रोककर मारपीट और 43,800 रुपये की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

मगरलोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कार, मोबाइल और नगदी जब्त


उत्तम साहू 

धमतरी, नगरी- 6 मार्च 2026। जिले में लूट और मारपीट की घटना में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की और पीड़ितों से नगद व ऑनलाइन मिलाकर 43,800 रुपये की लूट कर ली थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती (थाना कुरूद) ने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 मार्च 2026 को वह अपने गांव के फगेश्वर कुमार साहू के पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 MQ 1589) में फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ दो बछड़ों को छोड़ने ग्राम मुडकेरा जा रहे थे।

इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर दोपहर करीब 3 बजे स्विफ्ट कार (CG 05 AP 6389) में सवार ओमकार कुर्रे, राहुल कुर्रे, चांद कुर्रे, विकास आडिल और शाहिल अली ने पिकअप वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने मवेशी ले जाने के नाम पर पूछताछ करते हुए पैसों की मांग की और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने खुद को किसी दल और पुलिस का सदस्य बताते हुए पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठाकर दुगली की ओर ले गए। दुगली-नगरी मार्ग स्थित एक तालाब के पास फिर से मारपीट की गई और 13,800 रुपये नकद लूट लिए गए। साथ ही पीड़ित के मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से 30,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और लगातार दबिश के आधार पर ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, सैमसंग और ओप्पो मोबाइल फोन तथा लूट की नगदी रकम जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी: ओमकार कुर्रे (41 वर्ष) चांद कुर्रे (19 वर्ष)राहुल कुर्रे (26 वर्ष) तीनों आरोपी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के निवासी हैं।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !