भर्री पारा में युवक हेरोइन का सेवन करते गिरफ्तार, धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई
उत्तम साहू
धमतरी, 29 अप्रैल 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर हेरोइन (चिट्टा) का सेवन कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ समेत अन्य सामग्री भी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत “ऑपरेशन निश्चय” सहित विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भर्री पारा क्षेत्र में एक युवक खुलेआम हेरोइन का सेवन कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जोधापुर वार्ड, भर्री पारा में पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर ही आरोपी को नशा करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 0.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जिसकी कीमत लगभग 7,000 रुपये, एक मोपेड (कीमत करीब 40,000 रुपये), एक मोबाइल फोन (कीमत 6,000 रुपये), लाइटर, सिल्वर कोटेड नोट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 53,020 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आरोपी का विवरण
धनेश्वर यादव उर्फ धन्नू (22 वर्ष)
पिता – मनोहर यादव
निवासी – सोरिद, जोधापुर वार्ड, धमतरी (छत्तीसगढ़)
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि लोगों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना से समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

