दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पानी टैंकर ने 15 वर्षीय बच्चे को कुचला, मौत; सीसीटीवी में कैद हुई घटना
रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने 15 साल के एक बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी टैंकर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया
सड़क किनारे पैदल जा रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना मंगलवार (26 मई) को सड्डू स्कूल के पास हुई। मृतक बच्चा सड्डू के ही LIG सेक्टर-1 का रहने वाला था। वह अपने कंधे पर बैग टांगे सड़क के किनारे पैदल जा रहा था, तभी अचानक पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और उसके ऊपर गाड़ी चढ़ाते हुए आगे निकल गया।
दिल दहला देने वाला मंजर:सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि टैंकर का पहिया चढ़ने के बाद भी बच्चा एक बार हिम्मत जुटाकर उठ खड़ा हुआ था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वह तुरंत फिर जमीन पर गिर गया और उसने दम तोड़ दिया।
बाइक सवार पर पुलिस को शक, जांच जारी
यह पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
सामने आए वीडियो में हादसे से कुछ सेकेंड पहले एक बाइक सवार भी नजर आ रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि बाइक की अचानक हुई हलचल के कारण ही बच्चा अनियंत्रित होकर टैंकर के सामने आ गया होगा। जांच में यह भी पता चला है कि हादसे के बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मदद के लिए मौके पर पहुंचा था, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार टैंकर तथा उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

