नौतपा में तप रहा छत्तीसगढ़, 45.5 डिग्री पहुंचा पारा

0

 

नौतपा में तप रहा छत्तीसगढ़, 45.5 डिग्री पहुंचा पारा

कई जिलों में हीटवेव अलर्ट, तीन दिन तक राहत के आसार कम



रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी पारा 44.5 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी और तपिश के कारण दोपहर में सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 29 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा, बवंडर और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना सबसे अधिक बताई जा रही है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की आशंका है।

राजधानी रायपुर में भी बुधवार को भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्म हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !