खेत में मिला महिला का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी
धमतरी/कुरूद। कुरूद थाना क्षेत्र के मारौद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेत में एक महिला का सड़ा-गला शव पड़ा देखा। घटना की जानकारी फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कुरूद थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान भैंसबोड़ निवासी पर्वत बाई साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले चार दिनों से लापता थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
इसी बीच मंगलवार को मारौद गांव के खेत में शव मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस के मुताबिक शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिसके कारण मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि महिला की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।

