भखारा में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी। 26 मई 2026 जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना भखारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब जप्त की है, जिसकी कीमत लगभग 2,400 रुपए बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना भखारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रोशन राइस मिल स्थित नीम पेड़ पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी राजु साहू उर्फ तुलसी साहू (54 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03 भखारा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 54/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

