नगरी के कांटाकुर्रीडीह में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
160 लीटर महुआ शराब जब्त, 1200 किलो महुआ लाहन नष्ट, एक आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
नगरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने नगरी विकासखंड के ग्राम कांटाकुर्रीडीह में बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 160 लीटर महुआ शराब जब्त की है। साथ ही लगभग 1200 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती निरुपमा लोन्हारे के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में तथा आबकारी उप निरीक्षक श्री निशांत साधु के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम कांटाकुर्रीडीह, थाना केरेगांव क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने आरोपी बसन्तु कमार पिता झुकू राम कमार के घर पर सुनियोजित तरीके से छापामार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा पहले 400 मिलीलीटर महुआ शराब की खरीदी की गई, जिसके बाद आरोपी के घर की तलाशी लेने पर लगभग 60.40 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के अंतर्गत एक अन्य प्रकरण में 100 लीटर महुआ शराब जब्त की गई तथा लगभग 1200 किलो महुआ लाहन को नष्ट किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध मदिरा निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु, पुरुषोत्तम सिन्हा, आशीष ध्रुव, विवेक कुमार दीवान, अजय राज कश्यप, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आबकारी आरक्षक अरविंद नेताम, श्रुति साहू, भूषण लाल, राजेश कुमार, कौशल कुमार नेताम, उमालक्ष्मी नेताम, मेघा सिन्हा, सोमी पालेश्वर, राजकिशोर कुर्रे, नीरज कुमार, नगर सैनिक जितेंद्र कोरे एवं ज्ञानिक ध्रुव का सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण या बिक्री जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन एवं आबकारी विभाग को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

.jpg)
