तार के जाल में उलझी जिंदगी: 16 साल के वीरेश की सड़क पर थम गई सांस

0

 तार के जाल में उलझी जिंदगी: 16 साल के वीरेश की सड़क पर थम गई सांस

डोंगरडुला के पास दर्दनाक हादसा, दोस्त जिंदगी की जंग लड़ रहा

उत्तम साहू 

नगरी। 25 मई 2026 धमतरी-नगरी मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर लौट रहे दो किशोरों की बाइक अचानक हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 16 वर्षीय वीरेश पटेल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दीपक विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छिपली निवासी वीरेश पटेल और दीपक विश्वकर्मा बाइक से डोंगरडुला की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे डोंगरडुला से आगे पहुंचे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे तार के घेराव में जा फंसी। इसके बाद बाइक का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।


हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए दोनों घायलों को नगरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बताया जा रहा है कि धमतरी ले जाते समय रास्ते में वीरेश पटेल की सांसें थम गईं। वहीं दीपक विश्वकर्मा का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही नगरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ।

वीरेश की असमय मौत से छिपली गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग स्तब्ध हैं कि जो किशोर कुछ देर पहले हंसते-बोलते घर लौट रहे थे, वे अचानक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !