ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, 2026 में 16 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
उत्तम साहू,धमतरी, 25 जून। जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले में 24 जून 2026 तक ऑनलाइन सट्टे के 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 30 लाख 98 हजार 800 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने जांच के दौरान fancodeexch, GRANDEXCHANGE, GOLDENEXCH, BLISSEXCH, CRICCODE, Reddyanna, ALL PANNALE और All Paynal सहित कुल 8 ऑनलाइन सट्टा वेबसाइटों एवं एप्लीकेशनों का खुलासा किया है। रूद्री, सिटी कोतवाली और कुरूद थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई कर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जब्त संपत्तियों में 15 मोबाइल फोन, 3 लग्जरी वाहन (XUV700, Ertiga और Tata Nexon), 2 स्कूटी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
चार वर्षों में कार्रवाई में लगातार वृद्धि
धमतरी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 से 2026 तक ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- वर्ष 2023 : 1 प्रकरण, 2 आरोपी गिरफ्तार, 65 हजार रुपये जब्त।
- वर्ष 2024 : 2 प्रकरण, 2 आरोपी गिरफ्तार, 95 हजार 995 रुपये जब्त।
- वर्ष 2025 : 3 प्रकरण, 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख 92 हजार रुपये जब्त।
- वर्ष 2026 : 8 प्रकरण, 16 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख 98 हजार 800 रुपये जब्त।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2026 में प्रकरणों, गिरफ्तार आरोपियों और जब्त संपत्ति में कई गुना वृद्धि हुई है, जो पुलिस की तकनीकी दक्षता और सतत निगरानी का परिणाम है।
तकनीकी जांच से खुला ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा संचालक तकनीक की आड़ में कानून से बचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन थाना स्तर पर विकसित मुखबिर तंत्र, IPDR और CDR विश्लेषण, बैंक खातों की फोरेंसिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के जरिए पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। आमातालाब रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र और पीजी कॉलेज मैदान सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे सट्टे के संगठित तंत्र की परतें खुलती गईं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

