नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, दुर्गा चौक विद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
नगरी-सिहावा। शासकीय प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला दुर्गा चौक, नगरी में गुरुवार को नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा थे, जबकि अध्यक्षता एसएमसी उपाध्यक्ष एस.पी. ग्वाले ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सभापति निषाद जी, पार्षद यशकरन पटेल, अंबिका ध्रुव एवं चेलेश्वरी साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर संकुल समन्वयक लोचन साहू, दोनों विद्यालयों के प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में पालकगण मौजूद रहे।
अतिथियों ने कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कैप पहनाकर, मुंह मीठा कराकर तथा पाठ्यपुस्तकें प्रदान कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएमसी उपाध्यक्ष एस.पी. ग्वाले ने शाला की शैक्षणिक एवं बुनियादी आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कमी तथा पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सुचारु कराने की मांग रखी।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन देते हुए विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग की बात कही।
शाला प्रवेश उत्सव के उपरांत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प दिलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक हुलास सूर्याकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षक गीतेश सोनी ने किया। समारोह पूरे उत्साह, उमंग और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ संपन्न हुआ।

