दुर्गा चौक इंग्लिश मीडियम स्कूल नगरी में शाला प्रबंधन समिति का गठन, सेमंत पटेल बने अध्यक्ष
उत्तम साहू,नगरी। नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शासन के निर्देशानुसार दुर्गा चौक स्थित इंग्लिश मीडियम सीबीएसई मिडिल स्कूल, नगरी में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन सर्वसम्मति से किया गया। नवगठित समिति से विद्यालय के विकास, बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
सर्वसम्मति से हुए चुनाव में सेमंत पटेल को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया, जबकि श्रीमती सुनीता साहू उपाध्यक्ष, एस.पी. ग्वाले शिक्षाविद, श्रीमती पूर्णिमा साहू सचिव तथा श्रीमती वंदना सोनी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। इसके अलावा श्रीमती चमेली यादव, संध्या गजभिए, किरण साहू, संतोषी नाग और हेमंत साहू सहित अन्य सदस्यों को भी समिति में शामिल किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूर्व में प्रदेश की सभी शाला प्रबंधन समितियों को भंग कर नई समितियों के गठन के निर्देश जारी किए गए थे। इसी के तहत दुर्गा चौक इंग्लिश मीडियम सीबीएसई मिडिल स्कूल में नई समिति का गठन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए समिति के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका वंदना सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी प्रधान पाठक पूर्णिमा साहू ने किया। पूरा कार्यक्रम हर्ष, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

