जिला बदर बदमाश फिर पहुंचा धमतरी, पुलिस ने आमातालाब रोड से दबोचा; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
उत्तम साहू,धमतरी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के जिले में प्रवेश कर आमातालाब रोड क्षेत्र में घूम रहा था, जिसे सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना पुलिस जुर्म-जरायम की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी सागर ढीमर उर्फ विक्की गिडडी (23 वर्ष) निवासी नयापारा वार्ड, धमतरी, आमातालाब रोड क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी से जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी जिला बदर आदेश से छूट अथवा जिले में प्रवेश की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने स्वयं स्वीकार किया कि उसने बिना अनुमति जिले में प्रवेश किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 161/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 तथा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 15 के तहत कार्रवाई की। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सागर ढीमर उर्फ विक्की गिडडी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने पूर्व में उसे जिला बदर किया था।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

