तालाब किनारे खून से सना बोरा,अंदर मिला युवक का शव.पत्थर से सिर कुचल कर हत्या

0

 

तालाब किनारे खून से सना बोरा,अंदर मिला युवक का शव.पत्थर से सिर कुचल कर हत्या 



रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नवा रायपुर के राखी थाना क्षेत्र के ग्राम बेंद्री में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब किनारे सड़क के पास पड़े एक बोरे से अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी भयावह थी कि प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है।

सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने तालाब के पास एक खून से सना बोरा देखा। बोरे से खून रिसता देख लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत राखी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरा खोलने पर उसमें करीब 30 से 35 वर्षीय युवक का शव मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर पर किसी भारी और नुकीली वस्तु से कई बार हमला किया गया था। सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला, जिससे हत्या बेहद निर्ममता से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर तालाब किनारे फेंक दिया गया।

मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल या अन्य सामान नहीं मिला है। उसकी पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेजी गई है और हाल के गुमशुदगी मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

राखी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद ग्राम बेंद्री और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !