नव पदस्थ एसपी भावना पांडेय ने की कलेक्टर से सौजन्य भेंट
कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय पर हुई अहम चर्चा
उत्तम साहू
धमतरी। 14 जुलाई जिले की नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) श्रीमती भावना पांडेय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और सफल कार्यकाल की कामना की।
मुलाकात के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आमजन की सुरक्षा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा प्रशासन और पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों अधिकारियों ने जनहित से जुड़े कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल ही सुशासन की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के समन्वित प्रयासों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और आम लोगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।
वहीं नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले में अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, पुलिस के प्रति जनविश्वास को मजबूत करना तथा पुलिस-जन संवाद को और प्रभावी बनाना उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बैठक के अंत में दोनों अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास, शांतिपूर्ण वातावरण और जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। यह मुलाकात जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

