रपटा-नालों में बढ़े जलस्तर के बीच कलेक्टर-एसपी ने किया मैदानी निरीक्षण
भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, जलमग्न रपटों पर बैरिकेडिंग और निगरानी के निर्देश
उत्तम साहू,धमतरी, 29 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई निचले इलाकों, रपटों, छोटे पुलों और पुलियों के ऊपर पानी बहने से कुछ मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने बुधवार को रुद्री बैराज एवं कुकरैल क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर जलभराव और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों से मौके की जानकारी लेकर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
वर्तमान में कुकरैल-नगरी मार्ग के बीच स्थित रपटा तथा कुकरैल-नरहरा मार्ग का रपटा पानी में डूब जाने के कारण इन मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। जिन रपटों, पुलों और पुलियों के ऊपर पानी बह रहा है, वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर सेना एवं राजस्व अमले को संवेदनशील स्थलों पर तैनात रखकर किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में लोगों को उफनते नदी-नालों, रपटों या पुल-पुलियों को पार करने की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों को लगातार सतर्क करने तथा जोखिम वाले स्थानों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और एसपी भावना पांडेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें तथा बच्चों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से रोकें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन या जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



