टीचर्स एसोसिएशन नगरी की बैठक में शिक्षकों के विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
उत्तम साहू,नगरी। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ब्लॉक शाखा नगरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, संगठनात्मक गतिविधियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। संगठन ने शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों के निराकरण के लिए प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।
ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र कौशल, सचिव टीकमचंद सिन्हा, कोषाध्यक्ष तोमल साहू एवं जिला प्रवक्ता कैलाश सोन ने बताया कि बैठक में शिक्षकों की सेवा संबंधी लाभों के निर्धारण में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना किए जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। संगठन की ओर से शासन स्तर पर आवश्यक पहल कर शिक्षकों को इसका लाभ दिलाने की बात कही गई।
इसी तरह पदोन्नति एवं सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी (TET) की अनिवार्यता के विषय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने शिक्षकों के अनुभव और सेवा हितों को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने की मांग उठाने तथा इस विषय को उचित मंच पर रखने का निर्णय लिया।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने तथा संगठन के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी शिक्षकों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
सेवा पुस्तिका सत्यापन के संबंध में भी चर्चा हुई। संगठन द्वारा डीडीओ से अधिक से अधिक संख्या में सेवा पुस्तिकाओं का सत्यापन करने की मांग किए जाने पर जोर दिया गया, ताकि कम समय में अधिक से अधिक शिक्षक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
वहीं अनुकंपा नियुक्ति के बाद स्वत्वों के भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को मिलने वाले लंबित सेवा लाभों और स्वत्वों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने की बात कही गई।
बैठक में VSK एप में उपस्थिति दर्ज करने के दौरान शिक्षकों को आ रही व्यवहारिक एवं तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने की आवश्यकता बताई गई। इसके अलावा शनिवार को प्रातःकालीन स्कूल संचालन के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों की सुविधा, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्थानीय परिस्थितियों एवं शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभाग से उचित निर्णय लेने की मांग करने पर सहमति बनी।
बैठक के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन शिक्षकों के हितों, अधिकारों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन शिक्षकों की समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं सकारात्मक तरीके से उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
इस अवसर पर जिला महिला प्रभारी श्रीमती बी. यदु, जिला उपाध्यक्ष तीरथ राज अटल, भूषण लाल नाग, अतुल कुमार ध्रुव, मानसिंह साहू, खिलेश्वर साहू, टिकेश साहू, महेश कोषरे, कामेश्वर साहू, पवन साहू, पवन देवांगन, देउराम साहू, वेदप्रकाश नाग, भानु प्रताप निराला, गायत्री बोदेले, प्रतिमा कुजूर, शशि सिन्हा, चित्ररेखा मोहबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

