कलेक्टर अविनाश मिश्रा का दूरदर्शी विजन, एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्कूल

0

 

कलेक्टर अविनाश मिश्रा का दूरदर्शी विजन, एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्कूल



उत्तम साहू 

नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सियादेही में शिक्षा एवं बाल विकास के क्षेत्र में एक अभिनव पहल देखने को मिल रही है। कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में यहां एकीकृत कैंपस विकसित किया गया है, जहां एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। यह पहल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, देखभाल और प्राथमिक शिक्षा को एक साथ जोड़ने की दिशा में जिले की दूरदर्शी सोच का उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सियादेही का यह एकीकृत कैंपस प्रदेश में अपनी तरह की अनूठी पहल है, जहां नन्हे बच्चों के लिए आंगनबाड़ी, लइका घर और प्राथमिक स्कूल को एक ही स्थान पर संचालित किया जा रहा है। इससे बच्चों को अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उनके शैक्षणिक एवं विकासात्मक सफर को एक ही परिसर में सहज रूप से आगे बढ़ाने का वातावरण तैयार हुआ है।


बच्चों के अनुकूल सुविधाओं से सजा आंगनबाड़ी केंद्र



सियादेही का आंगनबाड़ी केंद्र भी अपनी सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के कारण विशेष पहचान बना रहा है। केंद्र में बच्चों को आकर्षित करने और सीखने को आनंददायक बनाने के लिए बाला पेंटिंग कराई गई है। दीवारों पर रंग-बिरंगे चित्रों और शैक्षणिक संदेशों के माध्यम से बच्चों के लिए सीखने का खुशनुमा वातावरण तैयार किया गया है।



केंद्र में बच्चों के लिए चेयर, टीवी, कूलर, वाटर खिलौने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इन सुविधाओं से आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के बैठने और पढ़ने की जगह नहीं रह गया है, बल्कि यह बच्चों के सीखने, खेलने और सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान कर रहा है।


         एक परिसर में शिक्षा की पूरी कड़ी



इस एकीकृत कैंपस की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बच्चे अपनी प्रारंभिक अवस्था से लेकर प्राथमिक शिक्षा तक एक सुव्यवस्थित वातावरण में आगे बढ़ सकते हैं। आंगनबाड़ी से लइका घर और फिर प्राथमिक स्कूल तक की शैक्षणिक यात्रा को एक ही परिसर में जोड़ना बच्चों और अभिभावकों दोनों के लिए सुविधाजनक है।

इस व्यवस्था से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लइका घर से जुड़े कर्मियों और प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। बच्चों की जरूरतों, उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक प्रगति पर सामूहिक रूप से ध्यान देने का अवसर मिलता है।

         

कलेक्टर की दूरदर्शी सोच का परिणाम



सियादेही का यह मॉडल धमतरी कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा की दूरदर्शिता और नवाचार को जमीन पर उतारने की सोच का परिणाम माना जा रहा है। प्रशासनिक योजनाओं को केवल भवन निर्माण और संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रखते हुए बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण संदेश देती है।

कलेक्टर श्री मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सियादेही का एकीकृत कैंपस इसी सोच की जीवंत तस्वीर है, जहां एक ही परिसर में सुविधा, सुरक्षा, शिक्षा और बच्चों के मनोरंजन का समन्वय नजर आता है।


ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा का प्रेरक मॉडल

सियादेही का यह कैंपस यह संदेश देता है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के अनुकूल सुविधाओं के लिए केवल बड़े शहरों पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति, स्थानीय सहभागिता और दूरदर्शी योजना का समन्वय हो तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चों के लिए आधुनिक और आकर्षक शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

ग्रामीण अंचल के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली यह पहल निश्चित रूप से अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी बन सकती है। एक ही परिसर में तीनों संस्थाओं के संचालन से संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ बच्चों की शिक्षा और देखभाल की व्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

सियादेही का एकीकृत कैंपस आज इस बात का उदाहरण बनकर उभर रहा है कि प्रशासन की संवेदनशील सोच और दूरदर्शी नेतृत्व जब बच्चों के भविष्य से जुड़ता है, तो योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि जमीन पर बदलाव की तस्वीर दिखाई देने लगती है। कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में विकसित यह पहल धमतरी जिले की नवाचार आधारित कार्यशैली और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !