नगरी जनपद में भाजपा के पास बहुमत लेकिन राह आसान नहीं..
तीसरी बार जनपद सदस्य बनी शशि ध्रुव जनपद अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे
उत्तम साहू
नगरी। जनपद पंचायत नगरी में बहुमत का आंकड़ा भाजपा ने छू लिया है, लेकिन राह अब भी आसान नहीं मानी जा रही, दरअसल भाजपा समर्थित 12 सदस्य चुनाव जीतकर आए है, दो निर्दलीय का साथ मिलने से भाजपा बहुमत तक पहुंची है। दूसरी ओर कांग्रेस समर्थित 9 सदस्य जीतकर आए है, दो निर्दलीय कांग्रेस के साथ है, इस तरह कांग्रेस 11 के आंकड़े तक ही पहुंच रही जो बहुमत से दो सदस्य दूर है। भाजपा के पास बहुमत होने के बाद भी राह आसान नहीं मानी जा रही क्योंकि दो सदस्यों ने अगर क्रॉस वोटिंग की या निर्दलीय आखिरी समय मे भाजपा के साथ नहीं रहे तो पूरा गेम चेंज हो जाएगा। पिछले चुनाव में देखा गया था कि कांग्रेस की जनपद सदस्य रही दिनेश्वरी नेताम ने आखिरी समय मे भाजपा का दामन थाम लिया था, जिससे बड़ा उलटफेर हुआ और भाजपा के साथ जाकर दिनेश्वरी नेताम अध्यक्ष निर्वाचित हुई थी, कांग्रेस के हाथ आयी बाजी निकल गयी थी इसलिए इस चुनाव में भाजपा के लिए अपने सदस्यों को साधकर रखना, और क्रॉस वोटिंग से बचना बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इधर जनपद अध्यक्ष का पद अनारक्षित मुक्त होने से भाजपा के पास दावेदारों की संख्या अधिक है,
अध्यक्ष की रेस में फिलहाल सबसे आगे शशि ध्रुव नजर आ रही है। वे तीसरी बार जनपद सदस्य बनी है तथा दो बार सरपंच रह चुकी है, उनके पास कार्य का अच्छा अनुभव है। श्रीमती ध्रुव 1994 से 1998 तक खल्लारी क्षेत्र से जनपद सदस्य रही। 2005 से 2010 तक सांकरा सरपंच, 2010 से 2015 तक मेचका क्षेत्र से जनपद सदस्य तथा 2020 से 2025 तक सांकरा की सरपंच रही। वर्तमान में वे भैसामुड़ा क्षेत्र से चुनाव जीतकर जनपद सदस्य बनी है। इसके अलावा उपाध्यक्ष पंचायत महासंघ धमतरी, सरंक्षक सर्व आदिवासी समाज, जिलाध्यक्ष महिला गोड़ समाज, अध्यक्ष मुचुकुन्द ऋषि आश्रम, अध्यक्ष सत्ती माई महिला मंडल रह चुकी है। राजनीति के साथ समाजिक क्षेत्र में सक्रियता से काम करने से उनकी क्षेत्र में अलग पहचान है, यही कारण है कि चुनाव में उन्हें लोगो का भरपूर समर्थन मिलता है जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में भी जीतकर आती है, सार्वजनिक जीवन मे उनके लंबे अनुभव को देखते हुए माना जा रहा कि भाजपा के द्वारा उन्हें अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। अन्य दावेदार भी पूरा जोर लगा रहे है, जिससे नगरी जनपद अध्यक्ष पद पर लोगो की भी नजर टिकी है। भाजपा के अन्य दावेदारों में प्रेमलता नागवंशी, सत्यवती नेताम.... का नाम लिया जा रहा है। वही कांग्रेस के द्वारा इस बार युवा जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम या मुनेन ध्रुव पर दांव खेला जा सकता है। कांग्रेस की नजर भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए मची घमासान पर है, हालांकि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि सटीक रणनीति के साथ चुनाव में उतरेंगे जिससे नगरी जनपद में भाजपा का कब्जा बरकरार रहेगा।