✦ नगरी.. माता रानी के स्वागत में भव्य शोभायात्रा, विधि-विधान से हुई मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना ✦
नवरात्रि पर श्रद्धा और उत्साह का संगम मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा नगर
उत्तम साहू
नगरी। नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन नगर पंचायत नगरी में भक्ति, उल्लास और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला, जिससे नवरात्रि का शुभारंभ नगरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गया।
परंपरा अनुसार शोभायात्रा के पूर्व नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, मुख्य नगरपंचायत अधिकारी यशवंत वर्मा एवं समस्त पार्षदों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
परंपरागत रूप से माता रानी के स्वागत हेतु भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा नगर पंचायत कार्यालय से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए राजा बाड़ा पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जहां पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ माहौल गूंज उठा।
शोभायात्रा के दौरान आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। विभिन्न भगवानों के वेशभूषा धारण किए हुए कलाकार नाचते-गाते चल रहे थे, वहीं महिलाएं अपने सिर पर पवित्र कलश धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुईं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों से पूरा नगर गूंज उठा।
राजा बाड़ा में नगर पुरोहित पंडित ठकुरीधर दीवान ने मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के बीच पूजा अर्चना कर मां दुर्गा की प्रतिमा में प्राण-प्रतिष्ठा की। इसके बाद प्रतिमा को पांडाल में स्थापित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच माता रानी का स्वागत किया।
इस अवसर पर नव आनंद कला मंदिर समिति के अध्यक्ष मोरज पटेल, उपाध्यक्ष, सदस्यगण एवं नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया।





