धमतरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष के लिए, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र सोनी मजबूत दावेदार

0


धमतरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष के लिए, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र सोनी मजबूत दावेदार

संगठन सृजन 2025 ज़िला अध्यक्ष के लिये सभी ब्लाकों में जा रहे ऑब्ज़र्वर,8 को आयेंगे नगरी-बेलरगाँव



उत्तम साहू 

धमतरी/ नगरी- संगठन सृजन-2025 के तहत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जिला अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया जोरों पर है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सभी जिलों और ब्लॉकों का दौरा कर दावेदारों से चर्चा कर रहे हैं। धमतरी जिले की प्रभारी बनाई गई हैं राजस्थान की पूर्व राज्य मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष राजस्थान महिला आयोग रेहाना रियाज़ चिश्ती। वे जिले के नौ ब्लॉकों का दौरा कर नेताओं व कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर रही हैं। 8 अक्टूबर को वे नगरी और बेलरगांव ब्लॉक का दौरा करेंगी।


सिहावा विधानसभा से उठी दावेदारी


अब तक धमतरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद की कमान कुरुद और धमतरी विधानसभा को मिलती रही है। इस बार सिहावा विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी प्रबल मानी जा रही है। खासकर इसलिए क्योंकि धमतरी व कुरुद को बार-बार मौका दिया गया है, लेकिन सिहावा को आज तक जिलाध्यक्ष पद नहीं मिला। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।

इसी आधार पर पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र सोनी का नाम मजबूत दावेदार के रूप में सामने आया है।


अनुभव और संगठनात्मक पकड़ से लाभ की उम्मीद


राजेंद्र सोनी का संगठनात्मक अनुभव लंबा और व्यापक रहा है। वे बूथ अध्यक्ष, ज़ोन अध्यक्ष, ज़ोन प्रभारी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव, बूथ चलो अभियान प्रभारी, मगरलोड विद्युत कटौती आंदोलन प्रभारी, नगर पंचायत चुनाव 2025 के पर्यवेक्षक, नगर पालिका चुनाव प्रभारी गरियाबंद, गुरुर संगठन प्रभारी, मंडल सेक्टर प्रभारी, नगर अध्यक्ष गरियाबंद प्रभारी जैसे कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।



सिर्फ संगठन ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। वे उपसरपंच भोथली, सदस्य कृषि उपज मंडी समिति नगरी और अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति नगरी जैसे पदों पर भी सक्रिय रहे।

पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही आदिवासी क्षेत्र से एक युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपने से संगठन में नए उत्साह का संचार होगा।


       बीजेपी ने दो बार नगरी को दिया मौका


राजनीतिक दृष्टि से यह भी उल्लेखनीय है कि भाजपा संगठन ने दो बार नगरी विधानसभा से जिला अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस बार कांग्रेस को भी नगरी-सिहावा विधानसभा से नेतृत्व चुनकर समान संतुलन बनाना चाहिए।


सोनी बोले – मौका मिला तो पूरी निष्ठा से निभाऊँगा दायित्व


इस संबंध में राजेंद्र सोनी ने कहा कि –"हमारी मांग है कि इस बार सिहावा विधानसभा को जिला कांग्रेस संगठन की कमान दी जाए। इस विषय पर मैंने जिला प्रभारी व प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया है। सिहावा आदिवासी क्षेत्र है और अब तक उपेक्षित रहा है। अगर संगठन मुझे यह अवसर देता है, तो मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।"


कांग्रेस जिलाध्यक्ष चयन की प्रक्रिया में सिहावा विधानसभा से पहली बार गंभीर दावेदारी सामने आने से जिले की राजनीति में नई हलचल है। अब यह देखना होगा कि संगठन कार्यकर्ताओं की भावनाओं और अनुभव के आधार पर किसे जिम्मेदारी सौंपता है।




Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !