कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया आमदी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण, पारदर्शिता और किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता
उत्तम साहू
धमतरी, 06 दिसंबर 2025। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा लगातार जिले के धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था को और बेहतर बनाने प्रयासरत हैं। सोरम, अछोटा, माकरदोना और सांकरा केंद्रों के निरीक्षण के बाद शुक्रवार को उन्होंने आमदी धान उपार्जन केंद्र का जायजा लिया। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी 15 नवंबर से सुचारु रूप से जारी है।
बीते माह जिले की प्रभारी सचिव सुश्री शम्मी आबिदी भी कोड़ेबोड़, भाटागांव, बगौद, कुरूद, चर्रा, आमदी और संबलपुर समेत 7 से अधिक धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों से सीधे संवाद कर चुकी हैं। वहीं खरीदी शुरू होने के शुरुआती दिनों में संभागायुक्त श्री महादेव कांवरे ने कई उपार्जन केंद्रों और चेकपोस्ट का निरीक्षण किया था। नोडल अधिकारी भी नियमित रूप से केंद्रों का अवलोकन कर रहे हैं और किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। जिलावासियों के लिए शिकायत हेतु टोल-फ्री नंबर भी उपलब्ध है।
कलेक्टर ने किसानों से की चर्चा, दी पारदर्शिता सुनिश्चित करने निर्देश
आमदी केंद्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने बारदाना उपलब्धता, डेनेज प्रणाली, परिवहन, टोकन व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बायोमेट्रिक स्टैकिंग और ऑपरेटर उपलब्धता जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान का तौल और गुणवत्ता परीक्षण शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। आर्द्रतामापी यंत्र से नमी जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों के लिए पेयजल, छाया व बैठने की सुविधा को और बेहतर करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा—
“धान खरीदी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को बिना किसी बाधा के सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
जीरो टॉलरेंस की नीति..अवैध खरीदी और कोचियों पर सख्त निगरानी
प्रशासन ने अवैध खरीदी, परिवहन और कोचियों-विचौलियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसके लिए उड़नदस्ता टीम गठित की गई है और जिले की सीमाओं पर चेकपोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं। किसी भी अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
किसानों को मिल रहा लाभ..तेज भुगतान और सुचारू व्यवस्था
इस वर्ष उपार्जन केंद्रों में अतिरिक्त संसाधन, ऑन-स्पॉट टोकन प्रणाली, पेयजल, पंडाल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया गया है। मिलिंग, परिवहन और भुगतान प्रक्रिया को भी गति दी गई है, जिससे किसानों को समय पर समर्थन मूल्य प्राप्त हो रहा है।
किसानों ने बताया कि इस वर्ष केंद्रों में व्यवस्था पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सरल रही। ऑनलाइन टोकन एवं एसएमएस जानकारी से लंबी कतारों की समस्या कम हुई है। गुणवत्ता परीक्षण में पारदर्शिता आने से विवाद भी घटे हैं, और किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित हो रहा है।
धमतरी जिले के धमतरी, नगरी, मगरलोड, कुरूद, भखारा, मरौद, सबलपुर, नारी, कोरी, दरबा और करेली सहित सभी 11 बैंक शाखा क्षेत्रों के माध्यम से किसानों को भुगतान समयबद्ध तरीके से जारी है।

