धमतरी भर्ती रैली के अभ्यर्थियों का रोजाना होगा आर्मी मेडिकल परीक्षण
धमतरी, 28 दिसंबर 2025। जिले में 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक इन्डोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र मिलिट्री एकेडमी, धमतरी द्वारा भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं का प्रतिदिन सुबह अभ्यास के बाद आर्मी मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है।
इस पहल के अंतर्गत आर्मी इंस्पेक्टर द्वारा अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है, जिससे वे भर्ती प्रक्रिया से पहले ही अपनी शारीरिक स्थिति और सेना के मेडिकल मानकों की जानकारी प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण केन्द्र के अनुसार, अधिकांश अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता की तैयारी तो करते हैं, लेकिन आर्मी मेडिकल मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते, जिसके कारण कई योग्य युवा मेडिकल परीक्षण में असफल हो जाते हैं।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र मिलिट्री एकेडमी, धमतरी ने यह अभियान प्रारंभ किया है। प्रतिदिन सुबह कमांडो प्रशिक्षण के उपरांत मेडिकल परीक्षण कर अभ्यर्थियों को समय रहते आवश्यक सुधार करने का अवसर मिल रहा है।
इस संबंध में एक्स हवलदार आर्मी एवं इंस्पेक्टर जीवन राम निषाद, ट्रेनर, निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र मिलिट्री एकेडमी, धमतरी ने सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपना मेडिकल परीक्षण कराएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

