होटल में पुलिस की दबिश, सेक्स रैकेट का खुलासा..दो युवतियां हिरासत में
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुनवानी स्थित एक होटल में छापा मारा। स्मृति नगर थाना क्षेत्र के होटल क्राउड में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें बाहर से आई दो युवतियां मौके पर पाई गईं।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से जानकारी मिली थी कि होटल में ग्राहकों को बुलाकर नियमों के विरुद्ध गतिविधियां कराई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में दबिश दी।
लखनऊ की रहने वाली हैं दोनों युवतियां
जांच के दौरान सामने आया कि होटल में मौजूद दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश के लखनऊ की निवासी हैं। वे हवाई मार्ग से रायपुर पहुंची थीं और वहां से भिलाई आकर होटल में रुकी थीं। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि वे आगे राजनांदगांव जाने की तैयारी कर रही थीं।
दस्तावेज जांच के दौरान बढ़ा विवाद
रेड के समय पुलिस ने होटल मैनेजर से होटल संचालन से जुड़े दस्तावेज, अतिथि रजिस्टर और पहचान संबंधी रिकॉर्ड मांगे। इस पर मैनेजर ने पुलिस से बहस शुरू कर दी, जिसके बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं, महिला पुलिसकर्मियों द्वारा युवतियों की तलाशी और पहचान पत्र मांगने पर उन्होंने भी आपत्ति जताई। आरोप है कि इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसके चलते दोनों युवतियों पर भी प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई।
मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश, जांच जारी
पुलिस ने होटल के कमरों से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर होटल मैनेजर और दोनों युवतियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि होटल में इस तरह की गतिविधियां पहले से चल रही थीं या इसमें किसी संगठित गिरोह की भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि होटल प्रबंधन की संलिप्तता या नेटवर्क का खुलासा होता है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नियमों के पालन की सख्त चेतावनी
प्रशासन ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।

